CG – शिक्षक की शर्मनाक करतूत, छात्रा पर न्यूड फोटो भेजने का बनाया दबाव, विरोध करने पर फेल करने की दी धमकी, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार…..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक शिक्षक की आपत्तिजनक हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा को शिक्षक अश्लील फोटो और वीडियो भेजता था। इतना ही नहीं, वह मैसेज के जरिए छात्रा पर आपत्तिजनक फोटो भेजने का दबाव भी बना रहा था। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसे फेल करने की धमकी दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक आशीष मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, घटना बांदे थाना क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की है। आरोपी का नाम आशीष मंडल (30 वर्ष) है और स्कूल में गणित का टीचर था। 10 वीं कक्षा की पीड़िता छात्रा ने पुलिस को बताया कि स्कूल में 16 अगस्त को आरोपी शिक्षक ने गणित की एक्स्ट्रा क्लास (अतिरिक्त कक्षा) ली थी। इस दौरान शिक्षक ने छात्रा का मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद से शिक्षक अश्लील वीडियो और फोटो भेजने लगा। छात्रा का आरोप है कि इसी बीच शिक्षक ने अश्लील फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बनाया। छात्रा ने जब विरोध किया तो शिक्षक ने फेल करने की धमकी दी।
शिक्षक की हरकतों से परेशान छात्रा ने घटना की शिकायत अपने परिजनों से की। परिजनों ने तत्काल थाने पहुंचकर शिक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया। पीड़िता छात्रा की रिपोर्ट पर आरोपी शिक्षक को तत्काल गिरफ्तार किया गया। साथ ही आरोपी शिक्षक का फोन भी जब्त किया गया। बांदे थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 75, पोक्सो एक्ट की धारा 12 और आईटी एक्ट की धारा 67 ए के तहत अपराध दर्ज किया।
आरोपी को भेजा गया जेल
आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कांकेर भेज दिया गया है। साथ ही मामले में आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।



