छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार में जमीन पर बैठकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं,मौके पर दिए समाधान के निर्देश।

कवर्धा/ग्राम पंचायत बम्हनी में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण आवेदन लेकर पहुंचे, जहां कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

डिप्टी सीएम ने कहा कि समाधान शिविर शासन, प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का सेतु है। लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के वर्षों पुराने सपनों को पूरा करने का माध्यम है।

उन्होंने बताया कि बम्हनी सेक्टर की 24 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2024-25 के तहत 8066 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए, जिनमें 7069 पूर्ण हो चुके हैं। वहीं वर्ष 2025-26 में 1822 नए आवास स्वीकृत किए गए हैं।

शिविर में रोजगार और विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण,पुलिया निर्माण,नाला सफाई,आंगनबाड़ी भवन और नाली निर्माण सहित 163 कार्य स्वीकृत किए गए हैं,जिनकी लागत लगभग 4.92 करोड़ रुपये बताई गई। मजदूरों को अब तक 3.73 करोड़ रुपये की मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने स्व सहायता समूहों की महिलाओं को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बम्हनी सेक्टर के 456 समूहों को 68.40 लाख रुपये की चक्रीय निधि और 312 समूहों को 1.87 करोड़ रुपये की सामुदायिक निवेश निधि प्रदान की गई है।

कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश में नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगातार काम कर रही है और अब तक 27 किश्तें जारी की जा चुकी हैं।

शिविर में डिप्टी सीएम ने 13 हितग्राहियों को पेंशन पत्र, 3 को आवास की चाबी, 25 को राशन कार्ड, 14 को जॉब कार्ड, 10 को आयुष्मान कार्ड तथा कई किसानों को किसान पुस्तिका, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और कृषि ऋण चेक वितरित किए। कक्षा 12वीं में 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र खेमलाल गंधर्व को भी सम्मानित किया गया।

शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉल्स का निरीक्षण करते हुए विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे और शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में जिले जनप्रतिनिधि व उच्च अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button