धमतरी

लंबित अपराधों पर एसपी भावना पांडेय की सख्ती, 60 और 90 दिन से पुराने मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश..!

क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण से लेकर डिजिटल पुलिसिंग तक की समीक्षा, फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर

धमतरी। अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में जिले के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग ली। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से अपराधों और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में 1 अक्टूबर से 12 नवंबर 2026 तक जिले के थाना एवं चौकी क्षेत्रों में किए गए पुलिस कार्यों की बिंदुवार समीक्षा हुई। एसपी ने अपराधों की विवेचना, लंबित प्रकरण, चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत, विभागीय जांच और प्राथमिक जांच की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

60 और 90 दिन से लंबित मामलों पर विशेष फोकस

एसपी भावना पांडेय ने 60 एवं 90 दिवस से अधिक समय से लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक मामले में विवेचना की प्रगति, साक्ष्य संकलन, आरोपियों की गिरफ्तारी और चालान पेश करने की स्थिति की समीक्षा की।

अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित विवेचना करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 60 Days Compliance और 90 Days Compliance, e-Sakshya, IIF-1 से IIF-6 तथा CAS Entry Pending Chargesheet की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

फरार आरोपियों और वारंटियों पर कसेगा शिकंजा…

क्राइम मीटिंग में फरार आरोपियों, समंस एवं स्थायी वारंटों की तामीली, निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा की गई।

एसपी ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को फरार आरोपियों और वारंटियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और जिलाबदर के लिए चिन्हित अपराधियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

नशा तस्करी और चाकूबाजी पर सख्ती…

बैठक में नशा तस्करी, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर भी एसपी ने सख्त निर्देश दिए।

नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के साथ उनके नेटवर्क की पहचान कर परिणाममूलक कार्रवाई करने तथा चाकू एवं अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्धों, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने नियमित सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बीट पुलिसिंग और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर

एसपी भावना पांडेय ने बिट प्रणाली को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। बीट अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, आम नागरिकों से संपर्क बनाए रखने और क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों, आपराधिक गतिविधियों तथा संवेदनशील स्थानों की अद्यतन जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए।

साथ ही शांति समिति, सड़क सुरक्षा समिति और महिला कमांडो की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई…

सड़क सुरक्षा को लेकर भी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए। रॉन्ग साइड ड्राइविंग, शराब के नशे में वाहन चलाने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया।

राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाने और सड़क किनारे पार्किंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश भी दिए गए।

डिजिटल पुलिसिंग पर एसपी का विशेष फोकस…

क्राइम मीटिंग में आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने CCTNS, E-Sign FIR, E-Sign Challan, E-Sakshya, e-MedLEaPR, E-FSL, e-Prosecution, Cri-MAC और DG/IG Dashboard सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की प्रगति की समीक्षा की।

इसके अलावा 10 मिनट, त्रिनयन, सक्षम, E-DAR/IRAD, ICJS, CEIR, ITSSO, JCTS और NETGRID जैसे तकनीकी संसाधनों के उपयोग की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों एवं विवेचकों को इन तकनीकी प्लेटफॉर्म का नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने डिजिटल प्रविष्टियों और ऑनलाइन रिकॉर्ड में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी आवश्यक प्रविष्टियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

CCTV और पुलिस संसाधनों के रखरखाव पर भी निर्देश…

सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को थानों में लगे CCTV कैमरों को चालू एवं कार्यशील स्थिति में रखने, नियमित जांच और रिकॉर्डिंग की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके साथ ही शासकीय वाहन, वायरलेस सेट, कंप्यूटर और अन्य पुलिस संसाधनों का नियमित रखरखाव कर उन्हें हर समय उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

जब्त माल के शीघ्र निराकरण पर जोर…

बैठक में थानों में लंबित जब्ती माल की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को जब्त वाहनों, मादक पदार्थों, अवैध सामग्री एवं अन्य संपत्तियों का वर्षवार विवरण तैयार कर नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।

न्यायालय में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी और समन्वय स्थापित कर जब्ती माल के निराकरण में अनावश्यक देरी रोकने पर भी जोर दिया गया।

आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से हो निराकरण…

एसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, तकनीक का बेहतर उपयोग और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार है।

उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के साथ निराकरण करने तथा उच्च अधिकारियों के निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के अंत में एसपी ने स्पष्ट किया कि क्राइम मीटिंग में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए और आगामी समीक्षा बैठक में प्रत्येक थाना एवं शाखा की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी

क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी एवं रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

इसके अलावा साइबर थाना, अजाक थाना, महिला सेल, कंट्रोल रूम, यातायात शाखा तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश, लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग और आम नागरिकों को संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button