CG – मंत्री के काफिले पर पत्थरबाजी, चार नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ कर ले गई थाने, पूछताछ में हुए चौकाने वाले खुलासे…..

कोरबा। जिले से मंत्री के काफिले में खड़ी गाड़ी में पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पत्थरबाजी के आरोप में चार नाबालिगों को पकड़ा। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने नाबालिगों को छोड़ दिया।
दरअसल कोरबा में मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित साहू समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले में खड़ी एक गाड़ी पर पत्थर का टुकड़ा आकर गिरा। इसकी जानकारी मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच शुरू की और मौके पर मौजूद चार नाबालिगों को चौकी बुलाकर पूछताछ की। शुरुआती जांच में सामने आया, यह कोई सुनियोजित पथराव नहीं था। पूछताछ में पता चला, बच्चे भवन के पास खेल रहे थे और खेल-खेल में ही पत्थर उछलकर अनजाने में काफिले की गाड़ी को लग गया था।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद नाबालिगों को छोड़ा गया
घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने खुद चौकी में फोन किया। उन्होंने कहा, बच्चों के भविष्य का सवाल है और घटना खेल-खेल में घटी है, लिहाजा उन्हें छोड़ दिया जाए। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने पुष्टि की कि यह एक आकस्मिक घटना थी। पूछताछ के बाद सभी नाबालिगों को छोड़ दिया गया है। पुलिस ने यह भी साफ कहा है, मामले में किसी तरह की साजिश, सुरक्षा में चूक या संदिग्ध गतिविधि के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।



