छत्तीसगढ़

आयुर्वेदिक चिकित्सालय को वर्तमान स्थल पर बनाए रखने की मांग तेज,जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग। सिकोला बस्ती, धमधा नाका स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय के लिए स्वीकृत नवीन भवन का निर्माण वर्तमान स्थल पर ही कराए जाने की मांग को लेकर भाजपा सिकोला भाठा पटरीपार मंडल एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि अस्पताल का निर्माण किसी अन्य स्थान पर किए जाने की चर्चा से क्षेत्रवासियों में चिंता और असंतोष का माहौल है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पटरीपार क्षेत्र में लगभग एक लाख से अधिक नागरिक निवास करते हैं और वर्षों से सिकोला बस्ती स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय गरीबों, मजदूरों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि चिकित्सालय के नवीन भवन निर्माण के लिए लगभग 10.30 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। क्षेत्रवासियों को आशंका है कि भवन निर्माण को वर्तमान स्थल से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर-दराज जाना पड़ेगा।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि स्वीकृत राशि का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब अस्पताल का नया भवन उसी स्थान पर बनाया जाए, जहां वर्तमान में चिकित्सालय संचालित हो रहा है। यदि इसे किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाता है तो पटरीपार क्षेत्र के लगभग 15 वार्डों के नागरिक सीधे प्रभावित होंगे तथा गरीब और जरूरतमंद लोगों को उपचार प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञापन में प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सालय के नवीन भवन का निर्माण सिकोला बस्ती, धमधा नाका, दुर्ग स्थित वर्तमान स्थल पर ही कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई है।

इस दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर किए तथा क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को यथावत बनाए रखने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन जनता की भावनाओं एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जनहित में उचित निर्णय लेगा।

Related Articles

Back to top button