छत्तीसगढ़

CG- ब्रांडेड शराब के नाम पर चल रहा था मिलावट का खेल! छापेमारी में 2500 नकली ढक्कन, 200 रैपर और 12 लीटर शराब बरामद…..

सूरजपुर। जिले के कुम्दा बस्ती में आबकारी विभाग ने मिलावटी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम ने चंद्रप्रकाश राजवाड़े के घर पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में शराब तैयार करने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की।

कार्रवाई के दौरान घर से ब्रांडेड शराब की बोतलों के नकली ढक्कन, रैपर और खाली शीशियां मिलीं। इसके साथ ही करीब 12 लीटर मिलावटी शराब भी जब्त की गई। आबकारी विभाग ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम सूरजपुर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसे बेच रहा है। सूचना पर टीम ने उसके घर दबिश दी। एक कमरे में बड़ी मात्रा में शराब के ढक्कन, लेबल, खाली शीशियां और मिलावटी शराब मिली।

2500 ढक्कन और 200 नकली लेबल जब्त

आबकारी टीम ने करीब 2500 नग अलग-अलग ब्रांड की शराब के ढक्कन और 200 नग शराब के लेबल जब्त किया है। टीम को मौके पर कई खाली शीशियां और करीब 12 लीटर मिलावटी शराब भी मिली। मिलावटी शराब को मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू जैसी ब्रांडेड शराब की शीशियों में भरकर रखा गया था।

शराब दुकान में करता था काम

आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत गिरफ्तार किया गया है। उसे सूरजपुर न्यायालय में पेश किया, कोर्ट के आदेश पर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल पहले सूरजपुर की विदेशी शराब दुकान में काम करता था। नौकरी छोड़ने के बाद वह मिलावटी शराब का कारोबार कर रहा था।

मध्यप्रदेश में मिलावटी और जहरीली शराब से कई लोगों की मौत के बाद छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर है। आबकारी आयुक्त के सख्त निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे विशेष जांच अभियान के तहत सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता ने सूरजपुर जिले में कार्रवाई की है।

Related Articles

Back to top button