धमतरीनगरी

पटवारियों के समर्थन में नगरी में कर्मचारी फेडरेशन की हुंकार, आक्रोश रैली निकाल CM के नाम सौंपा ज्ञापन..!

नगरी में कर्मचारियों ने उठाई मांगें, दमनात्मक कार्रवाई रोकने और लंबित 3% महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग

धमतरी नगरी। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के अनिश्चितकालीन आंदोलन को समर्थन देते हुए छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक शाखा नगरी ने बुधवार को आक्रोश रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। रैली में विभिन्न विभागों के कर्मचारी-अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

फेडरेशन के ब्लॉक संयोजक डोमार सिंह ध्रुव ने कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलनरत पटवारियों की मांगों का शासन स्तर पर अब तक संतोषजनक निराकरण नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। फेडरेशन ने पटवारियों के आंदोलन को पूर्ण नैतिक समर्थन देने की बात कही।

दंडात्मक कार्रवाई पर रोक की मांग

फेडरेशन ने आंदोलनरत पटवारियों के खिलाफ की जा रही स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस, निलंबन और ब्रेक-इन-सर्विस जैसी दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने की मांग की। साथ ही शासन से दंडात्मक कार्रवाई के बजाय उच्चस्तरीय वार्ता के माध्यम से पटवारियों की वेतन विसंगति, पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग रखी गई।

इसके अलावा फेडरेशन ने शासकीय कर्मचारियों के लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते का देय तिथि से एरियर सहित तत्काल भुगतान किए जाने की मांग भी उठाई।

रावणभाठा मैदान से तहसील कार्यालय तक निकली रैली

प्रांतीय आह्वान पर नगरी के रावणभाठा मैदान धरना स्थल से आक्रोश रैली शुरू हुई। रैली बस स्टैंड और बजरंग चौक होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी/तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

रैली में फेडरेशन ब्लॉक संयोजक डोमार सिंह ध्रुव, सहसंयोजक सुरेंद्र कुमार साहू, कोषाध्यक्ष एम.के. बोरझा, महासचिव गिरीश कुमार जायसवाल, सचिव देवप्रकाश ताम्रकार, सहसचिव संजू निर्मलकर, पटवारी संघ अध्यक्ष मोहर लाल पटेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी शामिल हुए। शिक्षक, पटवारी, स्वास्थ्य, राजस्व, वन, कृषि, पंचायत सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी रैली में सहभागिता की।

मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

फेडरेशन ने शासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आगामी चरण में एक दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। फेडरेशन ने कहा कि आंदोलन की अगली रणनीति शासन के निर्णय के आधार पर तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button