छत्तीसगढ़

दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला ₹1.08 करोड़ का बीमा चेक,उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सौंपा आर्थिक सुरक्षा का संबल, स्वर्गीय सोनवीर कुमार की पत्नी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत मिली राशि, पुत्र को पहले ही मिल चुकी है बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति।

रायपुर/ छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय सोनवीर कुमार की पत्नी प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत ₹1 करोड़ 8 लाख की बीमा राशि का चेक सौंपा।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोना अपूरणीय क्षति है। ऐसी कठिन परिस्थितियों में बीमा योजना परिवार को आर्थिक सुरक्षा और भविष्य के लिए संबल प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी विपरीत और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है। सैलरी पैकेज बीमा योजना आकस्मिक परिस्थितियों में परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी दिशा में नगर सैनिकों एवं अग्निशमन कर्मियों को भी इस योजना से जोड़ा गया है।

उप मुख्यमंत्री ने बैंक अधिकारियों को बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को सुरक्षित निवेश एवं वित्तीय प्रबंधन के संबंध में मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए, ताकि यह राशि बच्चों की शिक्षा और परिवार के भविष्य की आर्थिक सुरक्षा में उपयोगी साबित हो सके। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शासन की ओर से मिलने वाली शेष सहायता एवं अन्य सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी,कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस विभाग में 12 वर्षों से अधिक समय तक सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को ₹1.08 करोड़ की बीमा सहायता प्रदान की गई। वहीं उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए हैं। इसके तहत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा का लाभ मिलता है। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिसकर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के अंतर्गत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button