CG – खतरे में सचिवों की नौकरी, पंचायत संचालनालय ने दिया अल्टीमेटम, जाने क्या है पूरा मामला…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्राम पंचायतों के सचिव हड़ताल पर हैं। सचिवों की मांग है कि उनका शासकीयकरण किया जाए। सचिवों का कहना है कि वे लंबे समय से छत्तीसगढ़ सरकार से शासकीयकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। हड़ताल के चलते पंचायतों में चल रहे शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस बीच पंचायत संचालनालय संचालक ने प्रदेश के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने सभी हड़ताली ग्राम पंचायत सचिवों को हड़ताल खत्म करने का अल्टीमेटम दे दिया है। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र में आदेश दिया है कि हड़ताली सचिवों को 24 घंटे के भीतर हड़ताल समाप्त कर कर्तव्यों पर लौटने के लिए निर्देश जारी करें। वहीं निर्देश के पालन न करने पर हड़ताली सचिवों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
बता दें, प्रदेश के ग्राम पंचायतों में कार्यरत समस्त ग्राम पंचायत सचिव 17 मार्च 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिसके कारण ग्राम पंचायतों का कार्य प्रभावित हो रहा है। हड़ताल के कारण अनिवार्य सेवाओं और हितग्राहीमूलक शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी रुकावट आ रही है। इसे देखते हुए संचालक ने सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र लिखकर यह आदेश जारी किया है और पत्र में ग्राम पंचायतों के कार्यों के संपादन हेतु सचिवों की व्यवस्था और पंचायत निधि के आहरण से संबंधित निर्देश दिए गए हैं।
देखें पत्र