ऑटो में छूटा बैग, मोबाइल और कीमती सामान लेकर पहुंची महिला को मिला सब कुछ वापस, धमतरी पुलिस के आरक्षक की ईमानदारी की हो रही सराहना..!

धमतरी। पुलिस की ड्यूटी केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आम नागरिकों की मदद करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। धमतरी पुलिस के आरक्षक किशोर गायकवाड़ ने अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए ऑटो में छूटे एक महिला के बैग, मोबाइल सहित अन्य कीमती सामान को सुरक्षित उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, एक यात्री का बैग ऑटो में छूट गया था। बैग में मोबाइल फोन सहित अन्य आवश्यक एवं कीमती सामान रखा हुआ था। आरक्षक किशोर गायकवाड़ को सामान मिलने के बाद उन्होंने उसे सुरक्षित रखा और उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद सामान की पहचान कांकेर जिले के चारामा निवासी हिना यादव के रूप में हुई। इसके बाद उन्हें थाना सिटी कोतवाली धमतरी बुलाकर उनका पूरा सामान सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
अपना खोया हुआ सामान सकुशल वापस मिलने पर हिना यादव भावुक हो गईं और उन्होंने धमतरी पुलिस तथा आरक्षक किशोर गायकवाड़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
ईमानदारी से मजबूत हुआ पुलिस-जनता का भरोसा
धमतरी पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के साथ आम नागरिकों की सहायता और जनसेवा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। आरक्षक किशोर गायकवाड़ की इस पहल को पुलिस की संवेदनशीलता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण माना जा रहा है।
ऐसे प्रयास पुलिस और आमजन के बीच विश्वास के रिश्ते को मजबूत करने के साथ यह संदेश भी देते हैं कि पुलिस जरूरत के समय नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर है।