राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) पर प्रशिक्षण

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) पर प्रशिक्षण
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता सुदृढ़ करने की दिशा में जिला स्वास्थ्य विभाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से 6 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्टाफ नर्स सहित कुल 79 स्वास्थ्यकर्मियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को NQAS के प्रमुख मानकों, स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने की प्रक्रिया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान मरीज अधिकार, संक्रमण नियंत्रण, आउटकम इंडिकेटर, गुणवत्ता उपकरण (Quality Tools) एवं गुणवत्ता प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मरीज अधिकार एवं संक्रमण नियंत्रण: प्रतिभागियों को बताया गया कि प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक व्यवहार, गोपनीयता और सुरक्षित उपचार का अधिकार है। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में संक्रमण नियंत्रण की मानक प्रक्रियाओं का पालन कर मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।
आउटकम इंडिकेटर: सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने और सुधार की दिशा तय करने के लिए आउटकम इंडिकेटर के उपयोग एवं नियमित निगरानी के महत्व को समझाया गया।
गुणवत्ता उपकरण एवं प्रबंधन: संस्थानों में कमियों की पहचान कर उनके समाधान हेतु गुणवत्ता उपकरणों (Quality Tools) के प्रयोग और प्रभावी गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली को अपनाने पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने प्रतिभागियों से अपील की कि वे अपने-अपने संस्थानों में NQAS के अनुरूप व्यवस्थाएं सुदृढ़ करें, ताकि जिले के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
यह प्रशिक्षण यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व एवं सहयोग से आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण को सफल बनाने में श्रीमती सोनल ध्रुव जिला कार्यक्रम प्रबंधक, श्री खिलेश साहू जिला डाटा प्रबंधक और उनकी टीम का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।



