धमतरीनगरी

CG- नगरी-सिहावा रोड पर दर्दनाक हादसा, कार-बाइक की भीषण भिड़ंत में युवक की मौत, तीन युवतियां गंभीर घायल..!

Chhattisgarh धमतरी जिले के नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवपुर के पास अर्टिगा कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरी की ओर से आ रही अर्टिगा कार क्रमांक CG 05 AT 2983 ने सिहावा की ओर जा रही एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG 05 AC 6662 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक चालक के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक पर सवार तीन युवतियां भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। इनमें एक युवती के घुटने में गंभीर चोट आई है, जबकि दो अन्य युवतियां भी घायल हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार एक युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार में भी करीब चार लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है और मृतक व घायलों की पहचान की पुष्टि की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button