धमतरी

ट्राईसाइकिल बनी आत्मनिर्भरता की नई राह, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने दो दिव्यांगजनों को सौंपा सहारा…

कामदेव साहू और गेमेश्वरी साहू को मिली नई ट्राईसाइकिल, चेहरों पर लौटी मुस्कान; शासन की योजनाओं के प्रति जताया आभार

धमतरी जिले के दो दिव्यांगजनों के लिए रविवार उम्मीद और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत लेकर आया। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने ग्राम सोरम निवासी कामदेव साहू और नवागांव-कंडेल निवासी गेमेश्वरी साहू को ट्राईसाइकिल प्रदान की। ट्राईसाइकिल मिलते ही दोनों हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इसे अपने जीवन में नई उम्मीद का संबल बताया।

इस दौरान अरुण सार्वा ने दोनों हितग्राहियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें लगातार मिलता रहेगा। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक मनीषा पांडेय सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

गेमेश्वरी साहू ने बताया कि बचपन से पोलियो के कारण उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता होने के नाते उन्हें रोजाना विभिन्न क्षेत्रों में जाना पड़ता है। नई ट्राईसाइकिल मिलने से अब उनका आवागमन आसान हो जाएगा।

वहीं, कामदेव साहू ने बताया कि छह वर्ष पहले सड़क हादसे में उनका एक पैर कट गया था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पत्नी मजदूरी कर निभा रही हैं। पहले मिली ट्राईसाइकिल खराब हो जाने के बाद समाज कल्याण विभाग ने आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें फिर से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक उनका समय पर लाभ पहुंचाना है। दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button