धमतरी

निश्चय” कार्यक्रम के तहत जिला जेल धमतरी में युवा बंदियों के लिए दो दिवसीय योग शिविर शुरू

धमतरी…जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ की अभिनव पहल “निश्चय” कार्यक्रम के अंतर्गत जिला जेल धमतरी में युवा बंदियों के पुनर्वास हेतु दो दिवसीय योग शिविर का आयोजन 21 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुआ। यह शिविर 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के एन.डी.पी.एस. एवं अन्य प्रकरणों में निरुद्ध बंदियों के लिए नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता घटक के तहत आयोजित किया गया है।

शिविर के दौरान बंदियों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का नियमित अभ्यास कराया गया। साथ ही नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षकों ने बंदियों को आत्मनियंत्रण, सकारात्मक सोच एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा भविष्य में अपराध की पुनरावृत्ति से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, नशे की प्रवृत्ति में कमी लाना तथा उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जेल प्रशासन का दायित्व केवल कारावास तक सीमित नहीं है, बल्कि बंदियों के सुधार, पुनर्वास एवं समाज में पुनःस्थापना सुनिश्चित करना भी है।

यह योजना जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में तथा हिमांशु गुप्ता, महानिदेशक जेल, के निर्देशन एवं प्रेरणा से प्रदेशभर में संचालित की जा रही है।

Related Articles

Back to top button