उत्तराखंड जनसंपर्कउत्तराखण्ड

Uttarakhand News: 100% सुरक्षा की गारंटी! UCC को लेकर CM धामी का बड़ा दावा, बहनों को दी ये ताकत….

चंपावत. गुरुवार को आयोजित सशक्त बहना उत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि चंपावत आने पर उन्हें अपने परिवार के बीच आने जैसा महसूस होता है और यहां से मिलने वाली नई ऊर्जा उन्हें काम करने की ताकत देती है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य मातृशक्ति, बहनों और बेटियों की अपेक्षाओं को आगे बढ़ाना है. उन्होंने समान नागरिक संहिता को 50 प्रतिशत आबादी की सौ प्रतिशत सुरक्षा वाला कानून बताया.

सीएम धामी ने कहा कि दिल्ली और उत्तराखंड में पहले भी सरकारें रहीं, लेकिन विपक्ष ने कोई कार्य नहीं किया और अपनी तिजोरी भरने का काम किया. उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाली महिलाओं के लिए कोई काम नहीं हुआ और आने वाले समय में ऐसे लोगों को महिलाएं अपनी ताकत दिखाएंगी.

उन्होंने बताया कि सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं. उत्तराखंड ऐसा राज्य है, जहां महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण है और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का उद्देश्य रखा गया है.

तीन लाख से अधिक बेटियां लखपति

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में तीन लाख नौ हजार बेटियां लखपति बन चुकी हैं. वे खुद रोजगार हासिल करने के साथ दूसरों को भी रोजगार दे रही हैं.

उन्होंने कहा कि रोजगार और आमदनी होने से महिलाओं का सम्मान हर जगह बढ़ता है. आने वाले समय में ये महिलाएं लखपति से करोड़पति दीदी बनेंगी.

सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाएगा. देहरादून में 13 जनपदों के उत्पादों को एक ही स्थान पर बेचने की योजना पर भी काम किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं में बहुत प्रतिभा है. उन्होंने बचपन से अपनी मां को जंगल से घास लाने, खेती करने और बच्चों की देखभाल सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते देखा है.

उत्पादों को बाजार देने पर जोर

सीएम ने कहा कि पहाड़ के लोगों ने भी महिलाओं के इस योगदान को देखा है. महिलाएं कई प्रकार के उत्पाद तैयार कर रही हैं और वह दुबई, लंदन सहित अन्य स्थानों की यात्राओं के दौरान उनके उत्पादों की चर्चा कर चुके हैं.

उन्होंने कहा कि महिलाएं उत्पाद तैयार करें और पूंजी लगाएं, लेकिन बाजार न मिलने पर उनकी मेहनत बेकार चली जाएगी. इसलिए उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने पर काम चल रहा है और इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ा जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मातृशक्ति मुख्य रूप से घर चलाती थी, लेकिन अब गांव, जिला, जिला पंचायत, राज्य और देश के विकास में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभा रही हैं. अंतरिक्ष तक पहुंचने में भी उनका योगदान है.

महिला समूहों की उपलब्धियां

सीएम धामी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दोनों लीडर महिलाएं थीं. पत्रकारिता से लेकर उद्योग जगत तक कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहां महिलाएं पीछे हों.

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद किसी भी सरकार ने वह काम नहीं किया जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है. घर तक शौचालय, घर, इलाज और रोजगार सहित हर प्रकार के कार्य किए गए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने खोखले वादे किए. उन्होंने वंदे मातरम और भारत माता का विरोध करने वालों पर भी निशाना साधा और कहा कि जिस देश में रहते हैं, वहां की स्तुति नहीं करेंगे तो कहां करेंगे.

उन्होंने कहा कि लाखों-करोड़ों लोग भारत मां को आजाद कराने के लिए फांसी पर झूल गए. एक वोट की चाह रखने वाले नाराज न हों, इसलिए संकोच किया जाता है.

12 करोड़ से अधिक बिक्री

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि यह उत्तराखंड का दशक होगा. माताएं और बहनें कम संसाधनों में बेहतर काम कर रही हैं और प्रदेश को आगे ले जाने वाली भी यही महिलाएं होंगी.

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 70 हजार से अधिक समूह काम कर रहे हैं, जिनसे पांच लाख से अधिक परिवार जुड़े हैं. इसके अलावा आठ हजार ग्राम संगठन हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के हाथों में केवल सामान बनाने का उपकरण नहीं, बल्कि प्रदेश को आगे ले जाने की ताकत है. वर्ष 2023 से 95 विकासखंडों में चार हजार से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं और 12 करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक की बिक्री हुई है.

महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए रेलवे स्टेशन, रोडवेज और पर्यटन स्थलों पर स्टॉल लगाए गए हैं. सीएम धामी ने महिलाओं से सुरक्षा और सम्मान के लिए काम करने की बात कही.

चंपावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अपना कोई एजेंडा नहीं है. उन्होंने कहा कि जब तक धूरा और उत्तराखंड की प्रत्येक महिला सशक्त नहीं होती, तब तक वह शांत नहीं बैठेंगे.

उन्होंने कहा कि कई कार्य आगे बढ़ चुके हैं और कई कार्यों को आगे बढ़ाना बाकी है. इस मौके पर चंपावत को आने वाले समय में आदर्श जिला बनाने का संकल्प लिया गया.

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, मुकेश कलखुड़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, श्याम नारायण पांडेय, शंकर पांडेय आदि मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button