उत्तराखंड जनसंपर्कउत्तराखण्ड

Uttarakhand News: केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले भव्य तैयारी, 51 क्विंटल फूलों से सजा मंदिर; 22 अप्रैल सुबह 8 बजे खुलेंगे द्वार…

रुद्रप्रयाग. श्री केदारनाथ धाम (Kedarnath Dham) के कपाट खुलने में बस एक दिन ही रह गया है. कपाट खुलने से पहले मंदिर में सारी तैयारियां की जा रही हैं. बाबा केदारेश्वर की पंचमुख चल विग्रह डोली धाम पहुंचने से पहले मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है. केदारनाथ मंदिर को करीब 51 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है. ताजे गेंदे के फूलों से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है.

बाबा केदारेश्वर की पवित्र डोली 20 अप्रैल को द्वितीय रात्रि प्रवास के लिए गौरीकुंड पहुंची थी. इसके बाद मंगलवार यानी आज 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे.

बता दें कि 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा 2026 (Chardham Yatra 2026) की शुरुआत हो चुकी है. अब 22 अप्रैल को श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने है. इससे पहले रविवार को केदारनाथ धाम की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धाम के लिए रवाना हो गई.

मंदिर की परिक्रमा के बाद डोली ने अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया. डोली प्रस्थान के समय वातावरण शिवमय हो गया. वहां पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष किया. डोली के साथ कई श्रद्धालु पैदल यात्रा पर भी निकले. मंदिर परिसर में श्रद्धआलुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं भक्तों ने पुष्प वर्षा कर बाबा केदार का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर को आठ क्विंटल फूलों से सजाया गया था.

Related Articles

Back to top button