लहपटरा पेट्रोल पंप के करीब ट्रक ड्राइवर से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल,डीजल चोरी करने के दौरान हुई वारदात।

लखनपुर नयाभारत सरगुजा::–लखनपुर थाना छेत्रांतर्गत इन दिनों एनएच 130 पर डीजल चोरी और ट्रक ड्राइवरों से मारपीट की घटना अब एक गंभीर समस्या बन चुकी है,जिसे लेकर पुलिस प्रशासन भी कुछ नहीं कर पा रहा है। आए दिन लखनपुर के विभिन्न पेट्रोल पंपों के करीब रात्रि में खड़े ट्रकों से डीजल चोरी होने की बातें सामने आती रहती हैं,जिसमे बाद ताजा मामला अंबिकापुर बिलासपुर हाईवे का है जहाँ एक पेट्रोल पंप के करीब एक ट्रक ड्राइवर तथा उसके सहयोगी से मारपीट की घटना सामने आई है,जहाँ चोरों ने उनके ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल पार कर दिया तथा उनके विरोध करने पर उनसे मारपीट भी की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना की वीडियो का मंगलवार की रात 04 बजे का होना बताया जा रहा है। उक्त वायरल वीडियो में ड्राइवर यह कहता हुआ दिखायी दे रहा है कि अगर पेट्रोल पंप के गार्ड ने उनकी जान नहीं बचाई होती तो आज वो जीवित नहीं होते। वीडियो में ड्राइवर ने बताया कि उनके और सहयोगी के साथ किस तरह लोहे की राड और लाठी डंडे से मारपीट की गई। उक्त वायरल वीडियो NH 130 लहपटरा पेट्रोल पंप के करीब की बतायी जा रही है,जहाँ ये ट्रक अपने गंतव्य तक जाने के लिए निकला था,तथा रास्ते में रात्रि विश्राम के लिए रुका था। फ़िलहाल बड़ा सवाल यह है कि पुलिस प्रशासन इस तरह की घटनाओं पर कब तक रोक लगा पाएगी।