
Chhattisgarh धमतरी जिले के बोराई थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी कर गांव का माहौल बिगाड़ने के मामले में पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
मामला ग्राम कसपुर का है, जहां 20 अगस्त को एक व्यक्ति ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर गांव के सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के संबंध में अभद्र टिप्पणी की थी। आरोप है कि इस पोस्ट के बाद गांव में विवाद और अशांति की स्थिति निर्मित होने लगी।
शिकायत के मुताबिक, पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद आरोपी लड़ाई-झगड़े और मारपीट की स्थिति में था। इसके बाद ग्राम कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम ने ग्रामीणों के साथ थाना बोराई पहुंचकर पुलिस को शिकायत आवेदन सौंपा।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए बोराई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 वर्षीय उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी के खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार किया गया।
आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नगरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और कानूनसम्मत तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई भी सामग्री पोस्ट, शेयर या प्रसारित न करें, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा प्रभावित हो, सामाजिक सौहार्द बिगड़े या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बने।
धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और शांति भंग करने वाले कृत्यों पर परिस्थितियों के अनुसार प्रभावी वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।