सड़क पार करते दिखे जंगली हाथी, नगरी-चारगांव मार्ग पर अफरा-तफरी,राहगीरों ने बनाया वीडियो..

धमतरी…नगरी से चारगांव जबर्रा जाने वाले मुख्य मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक दो जंगली हाथी सड़क पर आ गए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों जंगली हाथी कुछ समय तक सड़क पर घूमते रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। अचानक हाथियों को सामने देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। कई लोग सुरक्षित दूरी बनाकर इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी हाथियों की मौजूदगी देखी गई है, लेकिन मुख्य सड़क पर इस तरह आ जाना किसी बड़े खतरे का संकेत हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सतर्क हो गई है और पूरे इलाके में नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों से दूर रहें और किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें।