धमतरी

नगरी ब्लॉक के श्रमिकों को मिलेगा 5 रुपये में गरम एवं पौष्टिक भोजन…

Dhamtari नगरी ब्लॉक के श्रमिकों को अब मात्र 5 रुपये में गरम एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए नगरी नगर मुख्यालय में शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के संचालन हेतु स्थल चयन एवं आवश्यक अधोसंरचना की व्यवस्था करने के निर्देश श्रम विभाग को जारी कर दिए गए हैं।

श्रम पदाधिकारी ने बताया कि यह योजना छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित है। वर्तमान में यह योजना धमतरी के कचहरी चौक में संचालित हो रही है, जहां मंडल में पंजीकृत निर्माणी एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को 5 रुपये में गरम एवं पौष्टिक भोजन प्रदान किया जाता है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा द्वारा नगरी ब्लॉक के श्रमिकों को भी इस योजना का लाभ दिलाने हेतु कलेक्टर को पत्र प्रेषित किया गया था। इसके बाद कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा श्रम विभाग को नगरी में श्रम अन्न केन्द्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। श्रमायुक्त, छत्तीसगढ़ द्वारा इसे शीघ्र प्रारंभ करने की अनुमति भी प्रदान कर दी गई है। श्रम पदाधिकारी श्री एन.के. साहू ने बताया कि नगरी ब्लॉक में शीघ्र ही नवीन श्रम अन्न केंद्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे दूरस्थ अंचल के श्रमिकों को भी 5 रुपये में गरम भोजन की सुविधा मिल सकेगी। प्रतिदिन सैकड़ों श्रमिक इस योजना से लाभान्वित होंगे। साथ ही केंद्र में पंजीकृत श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा अपंजीकृत श्रमिकों का तत्काल पंजीयन भी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button