धमतरी

16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप जिला पंचायत की कार्ययोजना मंजूर, PAI-2.0 के स्कोर से तय होंगी विकास की प्राथमिकताएं

Chhattisgarh धमतरी जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में जिले के समग्र और संतुलित विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप तैयार जिला स्तरीय कार्ययोजना को सामान्य सभा ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। वहीं PAI-2.0 के थीमवार स्कोर के आधार पर कम प्रगति वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से विकास कार्य कराने पर जोर दिया गया।

जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्थानीय जरूरतों, पंचायतों की वास्तविक स्थिति और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में PAI-2.0 यानी पंचायत प्रगति सूचकांक के विभिन्न थीमों की समीक्षा की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, अधोसंरचना, सामाजिक विकास और सुशासन जैसे क्षेत्रों में जहां प्रगति कम है, वहां सुधारात्मक और प्राथमिकता आधारित कार्यों को जिला स्तरीय कार्ययोजना में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया।

वहीं 16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का उपयोग जनहित और स्थानीय जरूरतों के आधार पर करने पर सहमति बनी। अनटाइड और टाइड मद से कराए जाने वाले विकास कार्यों पर भी सदस्यों ने चर्चा की।

जिला पंचायत समन्वय समिति द्वारा तैयार कार्ययोजना और प्रस्तावित विकास कार्यों को सामान्य सभा के सामने रखा गया। सदस्यों की चर्चा के बाद कार्ययोजना और प्रस्तावित कार्यों को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा ने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने PAI-2.0 के आधार पर कम प्रगति वाले क्षेत्रों में लक्षित प्रयास करने और स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

वहीं जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया, गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू सहित जिला पंचायत सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button