छत्तीसगढ़

नेपाल में बाढ़-भूस्खलन के बीच रायपुर की मोनिका यादव लापता, 22 अगस्त से संपर्क टूटा, सरकार ने तलाश तेज की

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच रायपुर की रहने वाली मोनिका यादव के लापता होने की सूचना सामने आई है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार मोनिका यादव रायपुर जिले के महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर की निवासी हैं। वह 22 अगस्त 2026 से नेपाल में थीं। बाढ़ के बाद से उनका परिजनों से संपर्क टूट गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार नेपाल गए प्रदेश के नागरिकों की जानकारी जुटा रही है और उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी कर रही है।

मोनिका यादव की तलाश जारी

मोनिका यादव के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद राज्य सरकार ने संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों से संपर्क किया है। सरकार की ओर से उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों से नेपाल गए नागरिकों की जानकारी भी एकत्रित की जा रही है। सरकार का कहना है कि नेपाल में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

परिजनों और नागरिकों से जानकारी साझा करने की अपील

छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल गए या वहां रह रहे प्रदेश के नागरिकों के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से प्रशासन के साथ जानकारी साझा करने की अपील की है। सरकार ने कहा है कि किसी नागरिक के नेपाल में होने या उसके संपर्क में होने की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को बताया जाए, ताकि जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाई जा सके। सरकार ने प्रभावित नागरिकों के परिजनों को भी भरोसा दिलाया है कि उनकी मदद के लिए अधिकारी लगातार काम कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button