धमतरीनगरी

सिंगपुर में वन संपदा पर अवैध आरी चली, 37 पेड़ों की कटाई पकड़ी; 11 मजदूर गिरफ्तार

Chhattisgarh धमतरी। जिले के सिंगपुर वन परिक्षेत्र के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 37 कटे हुए पेड़ों के साथ 11 मजदूरों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अवैध कटाई का मुख्य आरोपी बताया जा रहा कमईपुर निवासी फजलू रहमान मौके से फरार हो गया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को सिंगपुर वन परिक्षेत्र के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 78 में अवैध रूप से मोयन, सेम्हल सहित अन्य प्रजातियों के कुल 37 पेड़ों की कटाई की जा रही थी। सूचना मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचा और मजदूरों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

बताया गया कि पकड़े गए मजदूरों को फजलू रहमान द्वारा ठेके पर पेड़ कटाई के काम के लिए लाया गया था। गिरफ्तार किए गए मजदूरों में उमेश चक्रधारी, राजेन्द्र, राजेश कुमार, सुखदेव मरकाम, जयराम, चैतराम मरकाम, सुनील मरकाम, बीसनाथ मरकाम, सहदेव मरकाम, जुगदेव और मिनेश शामिल हैं। सभी के पीढ़ापाल, जिला कोंडागांव निवासी होने की जानकारी सामने आई है।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने मौके से 6 मोबाइल फोन, 4 मोटरसाइकिल, 2 आरा सहित पेड़ कटाई में इस्तेमाल किए जा रहे अन्य औजार भी जब्त किए हैं।

इस मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 14961/18 दिनांक 22 अगस्त 2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26(1)(क) सहित संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मामले की जांच सिंगपुर के सहायक परिक्षेत्र अधिकारी प्रताप सिंह साहू द्वारा की जा रही है। वन विभाग अब फरार मुख्य आरोपी फजलू रहमान की तलाश में जुटा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button