राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला में धमतरी नगरी की 40 महिला कृषकों ने लिया प्रशिक्षण, उत्पादन से प्रसंस्करण तक सीखी तकनीक..!

धमतरी। ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में 26 और 27 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला में धमतरी जिले की 40 महिला कृषकों ने हिस्सा लेकर मखाना की उन्नत खेती एवं इससे जुड़े व्यावसायिक अवसरों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की केंद्र प्रवर्तित योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सर्वा भी उपस्थित रहे।
दो महिला कृषक समूहों की 40 महिलाओं ने लिया प्रशिक्षण
कार्यशाला में धमतरी जिले के ग्राम छाती की महिला कृषक समूह की 20 सदस्याओं तथा विकासखंड नगरी के ग्राम सांकरा की महिला कृषक समूह की 20 सदस्याओं सहित कुल 40 महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया।
राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा (बिहार) के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के प्रमुख वैज्ञानिकों ने महिला कृषकों को मखाना की उन्नत खेती, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग और विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
मखाना उत्पादन से उद्यमिता तक बढ़ाने पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की सामूहिक क्षमता को कृषि आधारित उद्यमों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। महिलाओं को समूह के माध्यम से मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की गतिविधियां संचालित करने के साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
कार्यशाला में बताया गया कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महिला कृषक उत्पादन के साथ-साथ उत्पाद की गुणवत्ता, मूल्य संवर्धन और बाजार तक पहुंच बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में पहल
दो दिवसीय कार्यशाला महिला कृषकों के ज्ञान और तकनीकी कौशल को बढ़ाने के साथ उन्हें पारंपरिक कृषि से आगे बढ़कर नवाचार और कृषि आधारित उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित करने का अवसर बनी।
इस पहल से महिला स्व-सहायता समूहों को मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने की नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है।