
धमतरी। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बीच शुक्रवार सुबह धमतरी में उस समय हड़कंप मच गया, जब ED की टीम ने अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के शासकीय आवास पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे दो वाहनों से पहुंची ED की टीम में लगभग 10 से 12 अधिकारी शामिल हैं। टीम के साथ CRPF के जवान भी मौजूद हैं, वहीं कार्रवाई में महिला अधिकारी भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, ED की टीम धमतरी स्थित अपर कलेक्टर के शासकीय बंगले E-3 में जांच कर रही है। टीम द्वारा आवास के विभिन्न हिस्सों में दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शराब घोटाले से जुड़ रहा कार्रवाई का कनेक्शन
बताया जा रहा है कि अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के पति नवीन सिंह पूर्व में आबकारी विभाग में पदस्थ रहे हैं। उन्हें विभाग से निलंबित भी किया जा चुका है। उनका नाम कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में सामने आया था।
सूत्रों के मुताबिक, न्यायालय से जमानत मिलने के बाद नवीन सिंह के अपर कलेक्टर पत्नी के शासकीय आवास पर रहने की जानकारी सामने आई थी। ऐसे में धमतरी स्थित सरकारी बंगले में ED की कार्रवाई को शराब घोटाले से संबंधित जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्रवाई जारी, आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल ED की टीम की कार्रवाई जारी है। जांच किन बिंदुओं पर केंद्रित है और टीम द्वारा किन दस्तावेजों या साक्ष्यों की जांच की जा रही है, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ED की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही जांच की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल अधिकारी बंगले के भीतर जांच में जुटे हुए हैं और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।



