CG – शर्मनाक : सेंट जेवियर स्कूल के शिक्षक ने छात्रा से किया दुष्कर्म, सेन समाज के लोग पहुंचे कलेक्ट्रेट, एक्शन नहीं होने पर दी ये चेतावनी…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सेंट जेवियर स्कूल से जुड़े नाबालिग छात्रा के कथित दुष्कर्म मामले को लेकर शहर की सड़कों पर जबरदस्त जनाक्रोश देखने को मिला। सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने बिलासपुर कलेक्टोरेट का घेराव कर प्रदर्शन किया और दोषी शिक्षक को फांसी की सजा देने की मांग की। आरोपी अभी जेल में बंद है।
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा है। सौंपे ज्ञापन में आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मामले की निष्पक्ष जांच और घटना की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने वाले कई शिक्षकों पर भी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
सर्वसेन समाज का आरोप है, स्कूल के एक शिक्षक ने नाबालिग छात्रा का लंबे समय तक शोषण किया। साथ ही स्कूल के बाकी स्टाफ को इसकी जानकारी होने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
स्कूल बंद करने उठी मांग
प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ ही सेंट जेवियर स्कूल के संचालन को बंद करने की भी मांग भी की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने दी चेतावनी, 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन
सर्वसेन समाज ने कहा है, यदि 10 दिनों के भीतर मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो समूचे छत्तीसगढ़ में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। कलेक्टोरेट घेराव में जिले और संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान कई सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच नियमानुसार की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।



