छत्तीसगढ़

CG- पंचतत्व में विलीन हुए दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया कंधा, नम आंखों से दी अंतिम विदाई…..

बालोद। छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शनिवार को उनके गृहग्राम भेंडरा (जिला बालोद) में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 78 वर्षीय विधायक का हैदराबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। अंतिम विदाई के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अंतिम यात्रा में शामिल होकर विधायक की पार्थिव देह को कंधा भी दिया।

मुख्यमंत्री साय ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक के योगदान को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भेंडरा गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान मौजूद लोगों ने अपने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में ‘गुरुजी’ के नाम से जाना जाता था। उन्होंने शासकीय सेवा छोड़कर सार्वजनिक जीवन में कदम रखा और समाजसेवा के साथ राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button