गन्ना किसानों को जल्द मिलेगा बकाया भुगतान,जुलाई-अगस्त तक पूरी राशि खातों में पहुंचेगी : विधायक भावना बोहरा शुगर मिल की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए किए गए सुधार, दो वर्षों में 16 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बचत का दावा।

पंडरिया/लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया में गन्ना बेचने वाले किसानों के बकाया भुगतान को लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने किसानों को आश्वस्त किया है कि उनकी पूरी बकाया राशि जल्द ही उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विधायक बोहरा ने बताया कि किसानों से खरीदे गए गन्ने का समस्त भुगतान रिकवरी राशि सहित जुलाई से अगस्त माह के बीच कर दिया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव रखा गया है कि शक्कर कारखाने में उपलब्ध चीनी स्टॉक के मूल्य के बराबर अग्रिम राशि उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसानों का भुगतान शीघ्र और समयबद्ध तरीके से किया जा सके।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में शक्कर कारखाने की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में स्थापना व्यय 15.06 करोड़ रुपये से घटाकर 9.65 करोड़ रुपये तथा अनुरक्षण एवं मरम्मत व्यय 10.97 करोड़ रुपये से घटाकर 4.13 करोड़ रुपये किया गया है। साथ ही आवश्यकता के अनुरूप कर्मचारियों की संख्या सीमित करने और विभिन्न मदों में खर्च पर नियंत्रण के कारण पिछले दो वर्षों में लगभग 16 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बचत हुई है।
भावना बोहरा ने कहा कि शक्कर कारखाने की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया गया है। मोलासिस की बिक्री भी अनुकूल बाजार मूल्य पर की गई है, जिससे कारखाने की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और इसका लाभ किसानों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसान क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य समय पर मिले, यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और प्रत्येक गन्ना उत्पादक को उसका भुगतान समयबद्ध तरीके से दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर चिंता के प्रति संवेदनशील है तथा गन्ना भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर किसानों को राहत प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



