धमतरी

CG शराब पार्टी बनी काल! मामूली विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने घंटों में खोला राज,8 आरोपी गिरफ्तार..!

Chhattisgarh धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात के बाद धमतरी पुलिस ने रातभर लगातार कार्रवाई करते हुए महज चंद घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 6 वयस्क आरोपी और 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 की रात डाही-बगदेही मार्ग स्थित शीतला मंदिर के आगे मोबाइल टावर के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी (32) और साथियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।

आरोप है कि रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने सड़क किनारे पड़े लकड़ी के मोटे लट्ठे से हुलास मंडावी के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद एक अन्य आरोपी ने बड़े पत्थर (बोल्डर) से उसके चेहरे और सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण हुलास मंडावी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कुरूद के पर्यवेक्षण में थाना कुरूद और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरी रात अभियान चलाकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा और बोल्डर पत्थर भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 296(बी), 191(2) एवं 191(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। सभी वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

▶ शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या
▶ वारदात के चंद घंटों में पुलिस ने सुलझाया मामला
▶ 8 आरोपी गिरफ्तार, जिनमें 2 विधि से संघर्षरत बालक
▶ हत्या में प्रयुक्त लट्ठा और बोल्डर पत्थर बरामद
▶ वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
▶ सभी वयस्क आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

एसपी का संदेश…धमतरी पुलिस ने आमजन से शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न विवादों से दूर रहने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button