CG – गजब का प्रेम : प्रेमी के लिए प्रेमिका बनी चोरनी, बॉयफ्रेंड को थी पैसों की जरूरत, प्रेमिका ने जिस घर को संभाला वहीं की चोरी, दोनों आरोपी गिरफ्तार…..

दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में महिला केयरटेकर ने प्रेम में अंधी होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अपने बॉयफ्रेंड की आर्थिक मदद करने के लिए एक युवती ने उसी घर में चोरी कर ली, जहां वह पिछले दो वर्षों से केयरटेकर और घरेलू सहायक के रूप में रह रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार किया है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध मां की देखभाल के लिए वर्ष 2024 में ममता चौहान को लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से रखा गया था। मां के निधन के बाद भी ममता परिवार के साथ रहकर घरेलू कामकाज करती रही। लंबे समय तक घर में रहने के कारण उसे घर की पूरी व्यवस्था और अलमारी में रखी नकदी की जानकारी थी।
26 और 27 जून को परिवार में भतीजी की शादी का कार्यक्रम था। शादी की व्यस्तता और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर ममता ने अलमारी से 24 हजार रुपए निकाल लिए और बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई। बाद में नकदी गायब मिलने पर परिवार ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ममता और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में ममता ने बताया कि उसके प्रेमी को पैसों की जरूरत थी और उसी के कहने पर उसने चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 23,500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



