छत्तीसगढ़

CG – हनी ट्रैप : कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल, फोटो-वीडियो बनाकर मांगे पैसे, दो युवतियों के खिलाफ FIR दर्ज……

रायपुर। राजधानी रायपुर में कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक की शिकायत पर दो युवतियों के खिलाफ ब्लैकमेल कर 25 हजार रुपये की उगाही करने और लगातार झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप में अपराध दर्ज किया है।

जानिए पूरा मामला

सिविल लाइन थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, शंकर नगर निवासी जयंत चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मुलाकात मई 2026 में गुढ़ियारी में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। दोनों ने पहले नौकरी दिलाने और पार्लर खोलने के नाम पर आर्थिक मदद मांगी। इसके बाद लगातार फोन-मैसेज के जरिए संपर्क बनाए रखा और मिलने का दबाव बनाती रहीं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 14 जून को मुलाकात के दौरान दोनों युवतियों ने सिगरेट ऑफर की, जिसके बाद युवक और उसके साथी को चक्कर आने लगे। इसी दौरान कथित रूप से उनकी फोटो और वीडियो बना लिए गए। अगले दिन दोनों युवतियों ने फोन कर आरोप लगाया कि उनके साथ गलत हरकत हुई है और मामला दबाने के लिए पैसे की मांग की। साथ ही पैसा नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने और परिवार के साथ कार्यालय में बदनाम करने की धमकी भी दी।

पीड़ित का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह डर गया और 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास अपने मित्र के साथ पहुंचकर दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नगद दे दिए। इसके बावजूद आरोपित लगातार और रुपये मांगती रहीं। एक जुलाई को दोनों युवतियों ने उसकी कार में रखे नगदी से भरे बैग पर हाथ साफ करने की कोशिश की। वहीं 10 जुलाई को वे उसके कार्यालय पहुंचीं और स्टाफ के सामने गाली-गलौज करते हुए कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो झूठे दुष्कर्म के केस में फंसा देंगी।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, चैट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button