छत्तीसगढ़

CG – युवक के अंधे कत्ल का 72 घंटे में खुलासा, दोस्त ही निकला हत्यारा, इस वजह से दिया वारदात को अंजाम, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे…..

रायगढ़/लैलूंगा। रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस ने ग्राम भकुर्रा में हुए युवक रामनाथ उर्फ सोनू चौहान की हत्या की गुत्थी महज 72 घंटे में सुलझाते हुए उसके दोस्त भुवनेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आपसी रंजिश और विवाद के चलते आरोपी ने घरेलू शील पत्थर से युवक के सिर और गर्दन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।

पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात मृतक के पिता ने सूचना दी थी कि उनके बेटे का शव घर की परछी में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया भारी शील पत्थर बरामद किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले, जिनमें घटनास्थल पर मिला एक गमछा भी शामिल था। मामले की जांच में पुलिस डॉग ‘रूबी’ और डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र अनंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी भुवनेश्वर यादव ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है। मामले के सफल खुलासे पर रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जांच टीम और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सराहना की। साथ ही डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button