छत्तीसगढ़

CG – सरकारी स्कूल में नशे का सामान : छात्र ने अपने सहपाठियों को खिला दी नशीली टेबलेट, छात्र अस्पताल में भर्ती, शिक्षा मंत्री ने दिए ये आदेश……

दुर्ग। शहर के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के 5 छात्र कथित रूप से नशे की दवा खाने के बाद बेहोश हो गए। स्कूली बच्चों ने कथित तौर पर नींद की गोलियां खा लीं। घटना में 5 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।यह मामला दुर्ग शहर के पंचशील नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल का बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक छात्र अपने साथ नींद की गोलियां स्कूल लेकर आया था। इसके बाद कई बच्चों ने गोलियां खा लीं, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और सभी प्रभावित बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद आनन-फानन में 5 बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तक पहुंची। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

स्कूल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि छात्र नींद की गोलियां स्कूल कैसे लेकर आया, गोलियां कहां से मिलीं और किन परिस्थितियों में अन्य बच्चों ने उनका सेवन किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button