CG – स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी में जन चेतना कार्यक्रम का आयोजन बतौर अतिथि शामिल हुई थाना प्रभारी पढ़े पूरी ख़बर
पचपेड़ी//स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी में विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से जन चेतना कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता थाना प्रभारी पचपेड़ी कमला पुसाम ठाकुर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा, अनुशासन, साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक छात्र-छात्रा को कानून की मूलभूत जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें तथा समाज में जागरूकता का संदेश भी प्रसारित कर सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, दोपहिया वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के शिकायत करने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, नैतिक मूल्यों, शिक्षा के महत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर रमेश सूर्यकांत उपाध्यक्ष भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, मंडल मल्हार, अश्वनी टंडन अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति, स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी, शैलेन्द्र कांत उपाध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति, स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी, शिक्षक चितरंजन राठौर, आर. डी. सूर्यवंशी, राजेंद्र कुमार जांगड़े, अंकुश यादव, शंकुतला अहमद, ज्योति उपाध्याय, अश्वनी साहू सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा कानून का सम्मान करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जन चेतना कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता और अधिक विकसित हो सके।




