तरेगांव जंगल डकैती कांड: पुलिस की बड़ी सफलता पर पीड़ित व्यापारी ने SP जितेंद्र यादव को पुष्पगुच्छ भेंटकर जताया आभार,7आरोपियों की गिरफ्तारी और लूट के माल की बरामदगी की सराहना।

कवर्धा/तरेगांव जंगल डकैती कांड के सफल खुलासे और सात आरोपियों की गिरफ्तारी से संतुष्ट प्रार्थी एवं सराफा व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी ने 6 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी जितेंद्र कुमार यादव से मुलाकात की। उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंटकर कबीरधाम पुलिस की कार्यशैली,तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक सहित पूरी टीम को बधाई दी और आभार व्यक्त किया।
वेदप्रकाश सोनी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व, लगातार मॉनिटरिंग और पुलिस टीम के समर्पित प्रयासों से गंभीर डकैती कांड का सफल खुलासा संभव हुआ। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूटे गए आभूषणों एवं अन्य सामग्री की बरामदगी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर 2026 को थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास सराफा व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी का रास्ता रोककर आरोपियों ने मारपीट की थी और उनके बैग में रखे चांदी के आभूषण, सोना एवं नगदी रकम लूटकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार,अमित कुमार पटेल एवं अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर बिलासपुर से जमशेदपुर (झारखंड) तक लगातार कार्रवाई की। इस दौरान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर, सचिन पात्रे, अरुण उर्फ अन्नू बंजारे, प्रेम उर्फ प्रीतम उर्फ ब्रो उर्फ बोरो घृतलहरे,सुमंतो घोड़ाई उर्फ कोबो एवं सुरेश नाना माने सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर लगभग 11.9 किलोग्राम चांदी के आभूषण,1.124 किलोग्राम गली हुई चांदी,नगदी रकम, दो बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
पीड़ित व्यापारी द्वारा पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सार्वजनिक रूप से आभार जताना कबीरधाम पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और पुलिस के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। गंभीर अपराधों के खुलासे में पुलिस टीम के समन्वय,तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई की यह सराहनीय मिसाल है।



