छत्तीसगढ़

CG उपसरपंच की हत्या: मोबाइल लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से किया हमला, अस्पताल में मौत…

डेस्क : दुर्ग जिले में मोबाइल लूट का विरोध करना एक उपसरपंच को भारी पड़ गया। जेवरा चौकी क्षेत्र में देर रात बेखौफ बदमाशों ने धमधा ब्लॉक के तुमाकला गांव के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप (47) की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मोबाइल लूट का विरोध करने पर चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप अपने तीन दोस्तों के साथ भिलाई स्थित सूर्या मॉल घूमने आए थे। देर रात घर लौटते समय करहीडीह-चिखली मार्ग पर रास्ता भटक जाने के कारण वे सुनसान इलाके में पहुंच गए। रात करीब 2 बजे चार अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल लूटने का प्रयास किया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

जब प्रकाश सिंह कश्यप ने लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उपसरपंच को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस अलर्ट, तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदेहियों की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button