कोरबा जिले के चाकाबुड़ा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस,पारंपरिक वेशभूषा में झूमे लोग,देखे पूरी ख़बर….

नयाभारत कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के ग्राम चाकाबुड़ा के बुढ़ादेव स्थल पर विश्व आदिवासी दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद पीले वस्त्र धारण किए हुए युवा एवं समाज के लोग डीजे पर बज रहे आदिवासी गीतों की धुन पर पारंपरिक नृत्य करते हुए पूरे उत्साह के साथ झूमते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक छटा देखने को मिली।इस अवसर पर बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उन्होंने आदिवासी लोकनृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और रीति-रिवाजों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए नई पीढ़ी से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखने का आह्वान किया।विश्व आदिवासी दिवस के इस आयोजन ने समाज की एकता, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता का संदेश दिया तथा पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।




