CG – अंतिम यात्रा बनी अग्निपरीक्षा : कमर तक पानी में उठी अर्थी, शव को श्मशान पहुंचाने 4 नहीं जुटे 40 लोग, देखें वीडियो…..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सेमरिया गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो बारिश के मौसम में ग्रामीणों की मुश्किलों की तस्वीर बयां कर रहा है। वीडियो में ग्रामीण कमर तक भरे पानी और कीचड़ के बीच एक शव को कंधों पर लेकर श्मशान घाट की ओर जाते नजर आ रहे हैं। अर्थी के पीछे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान बागडूमर से सेमरिया तक करीब 4 किलोमीटर का रास्ता बेहद खराब हो जाता है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही के साथ-साथ अंतिम यात्रा के दौरान भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वीडियो में साफ दिख रहा है, एक शव को श्मशान घाट ले जाने के दौरान 30-40 ग्रामीणों को कंधा देना पड़ा। कीचड़ में कई लोग फिसले, जबकि कुछ ग्रामीण रास्ते में ही पीछे रह गए।
सेमरिया गांव दुर्ग जिला मुख्यालय से तकरीबन 30 किलोमीटर और भिलाई स्टील प्लांट से 20 किलोमीटर दूर है। यह अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के धमधा जनपद पंचायत अंतर्गत बागडूमर ग्राम पंचायत का आश्रित गांव है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में यहां से शव ले जाना बेहद कठिन हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव से श्मशान घाट तक का डेढ़ किलोमीटर का रास्ता पूरी तरह कीचड़ से भरा रहता है। नाले के पास पानी का स्तर काफी बढ़ जाता है, अंतिम संस्कार के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वीडियो बनाने वाले अवतार यादव ने बताया, तकरीबन 2 दिन पहले अंतिम यात्रा का वीडियो बनाया था। गांव से शव को लेकर लोग सामान्य तरीके से आगे बढ़े, लेकिन श्मशान घाट के रास्ते जिसमें कमर तक पानी भरा हुआ था, अर्थी को कंधा देने के लिए 30 से 40 लोगों की जरूरत पड़ गई। कुछ लोग तो पानी भरे रास्ते में गिरते भी रहे और कुछ बेहद कठिनाई से रास्ते को पारकर श्मशान घाट तक पहुंचे।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि इस सड़क के लिए प्रस्ताव शासन को पहले ही भेजा जा चुका है। श्मशान घाट तक जाने वाली सड़क के लिए ग्रामीण सड़क योजना के अभियंता को सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे के बाद इसे योजना के नेटवर्क में शामिल करने के लिए प्रस्ताव जल्द भेजा जाएगा।
देखें वीडियो…



