CG -नशे के सौदागरों का खौफनाक खेल! नाबालिग को बनाया मोहरा, हाथ में थमाया नशीली सिरप-टेबलेट का बैग, 3 गिरफ्तार…..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली सिरप और टेबलेट बेचते हुए एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे खड़े होकर ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 64,950 रुपये कीमत की 150 नशीली सिरप और 13,800 टेबलेट बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं कहां से लाई गई थीं, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।
सायबर सेल और चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास दो युवक और एक नाबालिग नशीली सिरप-टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक ढूंढ रहे हैं। इस पर टीम बनाई गई और एक आरोपी को होटल के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। बैग की तलाशी लेने पर 13,800 टेबलेट और कोडीन वाली 150 सिरप बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज दास महंत (यादव मोहल्ला निवासी) और अमित गोपाल उर्फ रेशु (कोरवापारा चांपा निवासी) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी) के तहत केस दर्ज कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया है।



