छत्तीसगढ़

CG -बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 बाइक चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आया चोरी का पूरा नेटवर्क…..

महासमुंद। बसना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 12 मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की सभी 12 बाइक बरामद कर ली हैं।

आरोपी के पकड़े जाने के बाद बसना के अलावा सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों में हुई बाइक चोरी की कई वारदातों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बाइक चोरी की शिकायत से शुरू हुई जांच

मामला 11 अगस्त का है, जब नरेश डडसेना ने अपनी एचएफ डीलक्स बाइक गढ़फुलझर से चोरी होने की शिकायत बसना थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को वाहन चोर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी

2 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी टिकेश्वर बाघ चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जगदीशपुर रोड पर पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई बाइक चोरी करने की बात कबूल की।

12 बाइक चोरी का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से कुल 12 मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। चोरी की गई बाइकों को ग्राम सावित्रीपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखा गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button