मोर गांव मोर पानी महाअभियान के तहत बृहद वृक्षारोपण कराया गया
जेवरा एन में VB GRAMG योजना से हुआ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम

मोर गांव मोर पानी महाअभियान के तहत बृहद वृक्षारोपण कराया गया
जेवरा एन में VB GRAMG योजना से हुआ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम

बेमेतरा, 05 सितंबर 2026, जिला प्रशासन बेमेतरा द्वारा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बेमेतरा सुश्री प्रेमलता पद्माकर के मार्गदर्शन में आज ग्राम पंचायत जेवरा एन में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें लगभ 25 एकड़ में 8000 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में माननीय श्री दयालदास बघेल, मंत्री, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, एनआरएलएम की महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

यह वृक्षारोपण कार्य “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी)” एवं डीएमएफ के अंतर्गत कराया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के स्थायी अवसरों का सृजन करना है।
हाफ नदी जीर्णोद्धार से जल संरक्षण और आजीविका को बढ़ावा
कार्यक्रम को “मोर गाँव मोर पानी महाभियान” से जोड़ते हुए हाफ नदी जीर्णोद्धार के तहत नदी के पुनर्जीवन, जल संरक्षण एवं आसपास के क्षेत्र के पर्यावरणीय विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नदी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण से भू-जल संरक्षण, मिट्टी एवं नमी संरक्षण तथा स्थानीय पर्यावरण में सुधार होने की उम्मीद है।
वृक्षारोपण के साथ आम, अमरूद, कटहल सहित अन्य उद्यानिकी एवं वानिकी पौधों का रोपण किया जा रहा है। भविष्य में इन उद्यानिकी पौधों से प्राप्त होने वाली उपज महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों के लिए आय का स्थायी स्रोत बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने तथा स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए “पानी बचाएं, पर्यावरण बचाएं और गाँव को समृद्ध बनाएं” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन बेमेतरा द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं ग्रामीण आजीविका को आपस में जोड़कर जिले में सतत विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



