कवर्धा में फर्जी PhonePe रिसीविंग से ठगी का खेल बेनकाब, शातिर आरोपी जेम्स हालदार गिरफ्तार।

कवर्धा/फर्जी डिजिटल पेमेंट की रिसीविंग दिखाकर लोगों से नगद रकम ठगने वाले शातिर आरोपी जेम्स हालदार,निवासी दाढ़ी जिला बेमेतरा को कवर्धा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।आरोपी के खिलाफ कवर्धा जिले के चार अलग-अलग थाना/चौकी क्षेत्रों में अपराध दर्ज हैं,जबकि पूछताछ में अन्य जिलों में भी वारदात करने की बात सामने आई है।
मामला थाना पिपरिया क्षेत्र का है, जहां 7 सितंबर को ग्राम परसवारा निवासी सूरज पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 25 R 3782 से पहुंचे जेम्स नामक व्यक्ति ने PhonePe के जरिए भुगतान करने के बदले नकद राशि मांगी। आरोपी ने PhonePe स्कैनर स्कैन करने के बाद फर्जी पेमेंट रिसीविंग दिखाकर ₹5 हजार नकद ले लिए। बाद में खाते में रकम नहीं पहुंचने पर ठगी का खुलासा हुआ।
इंटरनेट से सीखा ठगी का तरीका
साइबर थाना और थाना पिपरिया की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कवर्धा सिग्नल चौक के पास गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इंटरनेट के माध्यम से फर्जी PhonePe आईडी और पेमेंट रिसीविंग बनाकर ठगी करने का तरीका सीखता था और इसी तरीके से अलग-अलग स्थानों पर वारदात करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जिले में कुल ₹40 हजार की ठगी से जुड़े मामले दर्ज हैं—
थाना पिपरिया — ₹5,000
चौकी दशरंगपुर — ₹8,000
थाना सासपुर लोहारा — ₹20,000
थाना सासपुर लोहारा — ₹7,000
आरोपी के कब्जे से ₹5 हजार नगद, Vivo मोबाइल, iPhone और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
फर्जी डिजिटल पेमेंट के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी को कवर्धा पुलिस की साइबर ठगी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।



