छत्तीसगढ़

एक थाना/एक सप्ताह:कल पंडरिया ब्लाक के थाना कुण्डा बनेगा पुलिस कप्तान का कार्यालय, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) स्वयं थाने में रहकर करेंगे जनसुनवाई,पुलिसिंग की समीक्षा और कानून-व्यवस्था की निगरानी।

कवर्धा/कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) की अभिनव पहल “एक थाना/एक सप्ताह…अब थाना कुण्डा पहुंचने जा रही है। 10 सितंबर 2026 को थाना कुण्डा एक दिन के लिए…पुलिस अधीक्षक कार्यालय… के रूप में संचालित होगा।

इस पहल की खास बात यह है कि जिले के पुलिस कप्तान खुद कार्यालय तक सीमित रहने के बजाय ग्राउंड पर उतरकर जिले के अलग-अलग थानों में पहुंच रहे हैं और सीधे आम लोगों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। आम नागरिकों की शिकायतों और परेशानियों को मौके पर समझने तथा उनके त्वरित निराकरण की दिशा में पहल करना पुलिसिंग के इस नए अंदाज को खास बनाता है।

पुलिस अधीक्षक थाना कुण्डा में आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं की सुनवाई करेंगे।इसके साथ ही थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था,अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे।

इस पहल का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि पुलिस कप्तान थानों में कार्यरत पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुन रहे हैं। ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों,संसाधनों और अन्य समस्याओं की जानकारी लेकर उनके निराकरण का प्रयास किया जा रहा है।इससे जहां पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में पहल दिखाई दे रही है, वहीं बेहतर पुलिसिंग के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सीधा संवाद भी स्थापित हो रहा है।

गौरतलब है कि 3 सितंबर 2026 को थाना सहसपुर लोहारा से …एक थाना–एक सप्ताह…पहल की शुरुआत की गई थी।अब इसी क्रम में थाना कुण्डा में पुलिस अधीक्षक स्वयं मौजूद रहकर जनसुनवाई और पुलिसिंग की समीक्षा करेंगे।

पुलिस कप्तान का यह जमीनी जुड़ाव निश्चित तौर पर सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी बात सुनना और साथ ही पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को भी समझना—पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील,जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

…एक थाना–एक सप्ताह…का मूल संदेश साफ है—पुलिस जनता के बीच जाए,जनता की बात सुने और समस्या के समाधान की शुरुआत थाने से ही हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button