छत्तीसगढ़

CG- रात के अंधेरे में बच्चे को हॉस्टल से बाहर किया, फिर थमा दी TC… वजह सामने आई तो बाल संरक्षण आयोग भी रह गया हैरान! जानें क्या है पूरा मामला…..

रायपुर। राजधानी रायपुर की प्रयास संस्था में एक बच्चे को कथित तौर पर तांत्रिक क्रिया करने के आरोप में हॉस्टल से बाहर निकाले जाने का मामला अब गंभीर हो गया है। मामले में बाल संरक्षण आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की DCPU यूनिट आज प्रयास संस्था पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।

टीम बच्चे के साथ संस्था में हुए व्यवहार, उसे हॉस्टल से बाहर किए जाने की परिस्थितियों और उस पर लगाए गए आरोपों की पड़ताल करेगी। जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।

मामले को लेकर बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने कहा है कि उनकी बच्चे के पिता से फोन पर बातचीत हुई है। अब डीसीपीयू की पूरी यूनिट मामले की स्पष्ट रूप से जांच करेगी। अध्यक्ष वर्णिका शर्मा के मुताबिक, बच्चों के ऊपर इस तरह की कार्रवाई या इस प्रकार की शब्दावली का इस्तेमाल किया जाना क्रूरता की श्रेणी में आता है। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो आयोग कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ेगा। आयोग की यूनिट से पूरे मामले की प्रतिवेदन रिपोर्ट भी मंगाई जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। बाल संरक्षण आयोग ने साफ किया है कि जेजे एक्ट यानी किशोर न्याय अधिनियम के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, संस्था के प्रबंधन पर आरोप लगा है कि उन्होंने 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 साल के एक मासूम छात्र को तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाकर आधी रात में हॉस्टल से बाहर निकाल दिया है। महासमुंद जिले के किसान के बेटे को आनन-फानन में टीसी थमा दी गई। परिजनों का गंभीर आरोप है कि संस्था की प्राचार्य ने उन्हें डरा-धमकाकर जबरन कागजों पर दस्तखत करवाए हैं। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री शिकायत सेल में दर्ज करा दी गई है।

परिजनों ने लगाया आरोप

रायपुर के प्रयास संस्था में महज 14 दिन पहले 3 सितंबर को एक किसान के 13 साल के बेटे का एडमिशन हुआ था लेकिन अचानक प्रबंधन ने परिजनों को बुलाकर फरमान सुना दिया कि उनका बच्चा हॉस्टल में रात 2 बजे तक जागकर तांत्रिक क्रिया करता है। परिजनों का सवाल है कि जिस बच्चे का एडमिशन हुए दो हफ्ते भी नहीं हुए, उसके क्रियाकलापों का ऐसा आकलन प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना या चेतावनी के कैसे कर लिया?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button