छत्तीसगढ़

CG – फिर खून से लाल हुई सड़क, मालवाहक ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को मारी टक्कर, दो भाइयों की मौत, एक घायल…..

बिलासपुर। बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मालवाहक ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

बताया जा रहा है कि जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे तीन लोगों और उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद वाहन चालक मालवाहक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, भटगांव निवासी बरातुदास मानिकपुरी अपने भाई चंदुदास मानिकपुरी और प्रीतमदास मानिकपुरी के साथ अपने दामाद के घर गया था। वहां से लौटने के बाद तीनों प्रीतमदास के घर के पास पहुंचे और बाइक खड़ी कर सड़क किनारे आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान सेंवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे मालवाहक वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में उनकी बाइक भी आ गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बरातुदास मानिकपुरी और प्रीतमदास मानिकपुरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं चंदुदास मानिकपुरी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

दुर्घटना के बाद मालवाहक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button