छत्तीसगढ़

CG – नदी में बेसुध पड़ा था युवक, मृत समझकर पुलिस रेस्क्यू करने पहुंची तो अचानक जो हुआ, सब रह गए दंग…..

अंतागढ़। नगर के बड़े पुल के समीप नदी में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पानी में एक युवक काफी देर तक बेसुध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। युवक की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि उसकी डूबने से मौत हो गई है। देखते ही देखते नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए युवक को नदी से बाहर निकालने की तैयारी शुरू की। इसी दौरान रेस्क्यू के बीच अचानक युवक के शरीर में हलचल हुई।

पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद पता चला कि युवक जीवित है और वह शराब के नशे में बेसुध होकर नदी में पड़ा हुआ था। बताया गया कि युवक की पहचान रामसाय यादव (लगभग 27 वर्ष), निवासी ग्राम सुरवाही के रूप में हुई है। वह अंतागढ़ के एक व्यापारी के यहां ट्रक चालक के रूप में कार्यरत है।

मिली जानकारी के अनुसार विश्वकर्मा जयंती के कारण ट्रक का काम बंद था। इसी दौरान युवक ने शराब का सेवन किया और नहाने के लिए नदी में उतर गया। नहाते समय नशा अधिक होने के कारण वह नदी के भीतर ही बेसुध होकर सो गया। जिस स्थान पर युवक पड़ा था, वहां पानी की गहराई इतनी थी कि उसका चेहरा पानी से बाहर था, जबकि शरीर लगभग पूरा पानी में डूबा हुआ था। करीब एक घंटे तक वह इसी अवस्था में पड़ा रहा।

दूर से देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई है। युवक के जीवित मिलने की जानकारी सामने आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई और बाद में समझाइश देकर छोड़ दिया। घटना के दौरान नदी किनारे कुछ समय के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। युवक के जिंदा होने की जानकारी सामने आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी रही।

Related Articles

Back to top button