CG-आकाशीय बिजली बनी काल : गोठान के पास अचानक गिरी आकाशीय बिजली, महिला समेत चार बैलों की मौत, मचा हड़कंप……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम जवाली में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के वक्त गोठान के पास मौजूद चार बैलों की भी बिजली की चपेट में आने से जान चली गई। एक ही घटना में महिला समेत चार बैलों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
ग्राम जवाली निवासी सोनकुंवर (35) पति होरीलाल, गुरुवार दोपहर 12 बजे गोठान के पास काम कर रही थी। इसी दौरान मौसम बदला और तेज बारिश के सााथ बिजली गिर गई। बिजली गिरने से सोनकुंवर चपेट में आ गई।
परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद सोनकुंवर को मृत घोषित कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से गोठान के पास मौजूद चार बैल की भी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मौसम अचानक बदला। तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटना हुई।



