CG – मंगला महामाया पार्क कॉलोनी में गणेशोत्सव की धूम, संगीतमय सुंदरकांड पाठ से गूंजा पंडाल पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महामाया पार्क कॉलोनी, मंगला में गणेशोत्सव का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण के साथ मनाया जा रहा है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणेश की विधिवत मूर्ति स्थापना कर प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा-अर्चना एवं महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में महामाया पार्क कॉलोनी गणेशोत्सव समिति द्वारा रविवार शाम को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। सुंदरकांड की मधुर प्रस्तुति से पूरा कॉलोनी परिसर भक्तिमय हो गया। संगीतमय पाठ ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और पंडाल जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
आयोजन में कॉलोनी के बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन में भाग लेकर भगवान श्रीराम एवं श्री हनुमान जी की आराधना की। पाठ के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
गणेशोत्सव के साथ आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम से महामाया पार्क कॉलोनी में आपसी भाईचारे, सामाजिक सहभागिता और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। गणेशोत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान कॉलोनीवासियों के सहयोग से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।




