अन्य ख़बरें

गणेश विसर्जन से पहले अलर्ट मोड में धमतरी पुलिस,तलवार, नशाखोरी और हुड़दंग पर रहेगी पैनी नजर, 112 पर दें सूचना…

Chhattisgarh धमतरी। गणेशोत्सव, गणेश झांकी और विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी कलेक्टर अबिनास मिश्रा एवं एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस एवं जिला प्रशासन ने गणेश समितियों, झांकी एवं विसर्जन समिति के पदाधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की।

बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डीजे और ध्वनि व्यवस्था, झांकी-जुलूस तथा विसर्जन स्थल की सुरक्षा को लेकर समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 चाकू-तलवार और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक…

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि झांकी और जुलूस निर्धारित मार्ग एवं निर्देशों के अनुसार ही निकाले जाएं। जुलूस में चाकू, तलवार, धारदार हथियार या किसी भी खतरनाक वस्तु का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा। आपत्तिजनक नारे, गीत या किसी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले प्रदर्शन से भी बचने की अपील की गई।

 नशाखोरी और हुड़दंग पर रहेगी नजर…

गणेश झांकी और विसर्जन के दौरान शराब, गांजा या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर जुलूस में शामिल होने पर सख्ती बरती जाएगी। चाकूबाजी, मारपीट, छेड़छाड़, नशाखोरी और हुड़दंग जैसी गतिविधियों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। पुलिस ने किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

डीजे और यातायात को लेकर निर्देश…

डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल, स्कूल, धार्मिक स्थल और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज से बचने को कहा गया है।

साथ ही जुलूस के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने तथा यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए।

 विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी…

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित विसर्जन स्थल और मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है। नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में गहरे पानी में जाने से बचने, बच्चों को विसर्जन स्थल पर अकेले नहीं भेजने तथा वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए हैं।

दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील की गई है। तेज रफ्तार, स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाने पर भी विशेष नजर रहेगी।

 पुलिस-प्रशासन ने की सहयोग की अपील…

धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन ने गणेश समितियों, आयोजकों एवं आम नागरिकों से गणेशोत्सव को आस्था, भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की गई।

आपातकालीन सहायता के लिए डायल करें — 112

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त पी.सी. सार्वा, नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर, थाना प्रभारी कोतवाली राजेश जगत, यातायात प्रभारी खेमराज साहू सहित गणेश समितियों एवं विसर्जन समिति के पदाधिकारी और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button