छत्तीसगढ़

CG: प्रेमी के पास जाने की जिद में हद पार! नाबालिग ने छोटे भाई को कमरे में किया बंद, बाहर निकालने के बदले रखी ये शर्त…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सिविल लाइन इलाके से पारिवारिक विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक नाबालिग अपने प्रेमी के पास जाना चाहती थी, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

इसके बाद नाबालिग ने अपने छोटे भाई को कमरे में बंद कर दिया और उसे बाहर निकालने के बदले प्रेमी के खाते में पैसे भेजने की मांग करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित कमरे से बाहर निकाला।

पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया, जिसके बाद उसे फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

घटना रात के समय की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि घर में एक बच्चा अंदर से बंद है और उसे बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को समझने के बाद नाबालिग से बातचीत की और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।

शुरुआती पूछताछ में पता चला कि नाबालिग अपने प्रेमी के पास जाना चाहती थी। परिवार के लोगों के विरोध करने पर उसने नाराज होकर अपने भाई को कमरे में बंद कर दिया था। इतना ही नहीं, भाई को छोड़ने के बदले वह प्रेमी के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने की मांग कर रही थी।

मामले में पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ सामान्य आपराधिक कार्रवाई के बजाय बाल संरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की है। उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां से फिलहाल उसे शेल्टर सेंटर में रखने की व्यवस्था की गई है।

उसकी सामाजिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाने के साथ काउंसलिंग भी कराई जा रही है, ताकि पूरे विवाद की वजह और पारिवारिक परिस्थितियों को समझा जा सके। पुलिस और बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारी मामले की निगरानी कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई नाबालिग के हित तथा जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Back to top button